25/12/2025
दिनांक 25 दिसम्बर 2025, क्रिसमस के शुभ अवसर पर आरवी पैट क्लिनिक और पैट स्टोर सर्जिकल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर, लखीमपुर खीरी में एक निःशुल्क पालतू पशु स्वास्थ्य शिविर (Free Health Camp) का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन हमारे प्रिय पालतू कैट स्नोई के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया, जिसे सेवा, करुणा और पशु-प्रेम के भाव के साथ मनाया गया।
फ्री हेल्थ कैंप के अंतर्गत बड़ी संख्या में कुत्तों एवं बिल्लियों को निःशुल्क एंटी-रेबीज़ टीकाकरण, डिवॉर्मिंग दवाइयाँ, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण तथा टिक ट्रीटमेंट प्रदान किया गया, जिससे पशुपालकों को उल्लेखनीय लाभ हुआ। इस अवसर पर पशुपालकों को उपहार (गिफ्ट्स) भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. इरा श्रीवास्तव, नगरपालिका अध्यक्ष, लखीमपुर खीरी, रहीं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लखीमपुर जिले में पालतू पशुओं के लिए एक्स-रे, सोनोग्राफी, ब्लड एनालाइज़र, बायो-केमिस्ट्री मशीन जैसी एडवांस्ड वेटनरी सुविधाओं का उपलब्ध होना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन जटिल सर्जरी और जांच सुविधाओं के लिए पहले लोगों को लखनऊ या बरेली जाना पड़ता था, वे सभी सुविधाएँ अब आरवी पैट क्लिनिक एवं पेट स्टोर सर्जिकल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर पर ही उपलब्ध हैं, जो आसपास के जिलों में भी नहीं हैं।
कार्यक्रम में एनिमल लवर सोसाइटी के चेयरपर्सन नूतन भईया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जो लंबे समय से लखीमपुर खीरी जिले में समाज कल्याण एवं पशु कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर Dr. Neha Singhai ने कार्यक्रम को पशुपालकों और पालतू पशुओं के बीच भावनात्मक संबंध एवं प्रेम का महोत्सव बताया और कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य इस अटूट रिश्ते को समझना और उसे सैलिब्रेट करना है।
कार्यक्रम में डॉ. नेहा सिघई (क्लिनिक की संस्थापक एवं वेटरनरी सर्जन), डॉ. सौरभ सिंघई (वरिष्ठ वेटरनरी सर्जन लखीमपुर खीरी), रंजीत वर्मा, कुलदीप वर्मा एवं रिंकु गौतम ( क्लिनिक पैरावेटेरिनरी स्टाफ),निखिल एवं अमन ( क्लिनिक स्टाफ)एवं आयुष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
क्लीनिक की डॉक्टरों की टीम ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में पालतू पशुओं के उपचार हेतु डायलिसिस, एंडोस्कोपी एवं कोल्ड लेज़र (Cold Laser) जैसी और भी उन्नत चिकित्सा तकनीकों को शीघ्र ही इस हॉस्पिटल में शामिल किया जाएगा, जिससे जिले में वेटनरी सेवाएँ और अधिक सुदृढ़ होंगी।
आरवी पैट क्लिनिक और पैट स्टोर भविष्य में भी पशु कल्याण एवं जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा ।