10/04/2025
सबसे पहले मैं भारतीय संस्कृति व अध्यात्म को वैश्विक पटल पर पुनर्स्थापित करने वाले महान युवा संन्यासी, युग प्रवर्तक चिंतक, युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। आप सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक बधाई भी देता हूं। स्वामी विवेकानंद औपनिवेशिक भारत में हिंदुत्व पुनर्उद्धार और युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना जगाने के लिए जाने जाते हैं। हिंदुत्व को लेकर उन्होंने जो व्याख्या दुनिया के सामने रखी, उसकी वजह से इस धर्म को लेकर विश्व भर में आकर्षण बढ़ा।
स्वामी विवेकानंद के विचारों, उनकी दी गईं शिक्षाओं से करोड़ों युवा प्रेरित होते हैं। स्वामी विवेकानंद की कही गई बातें युवाओं में जोश भरने का काम करती हैं। विवेकानंद की ओजस्वी वाणी, ओजपूर्ण विचारों ने सुप्त लोगों को जागृत किया। उनकी युवावस्था देश के हर युवा के लिए एक बेहतरीन मिसाल है। यही वजह है उनके जन्मदिन को देश में राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाया जाता है। भारत सरकार ने करीब 38 साल पहले उनकी जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाना शुरू किया। साल 1985 में भारत सरकार ने स्वामी जी के जन्मदिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाने का फैसला लिया था। स्वामी विवेकानन्द भारत के युवाओं को गौरवशाली अतीत और भव्य भविष्य की मजबूत कड़ी के रूप में देखते थे। विवेकानन्द कहते थे कि सारी शक्ति तुम्हारे भीतर है, उस शक्ति का आह्वान करो। आपको विश्वास होना चाहिए कि आप सब कुछ कर सकते हैं। स्वयं पर यह विश्वास और असंभव को संभव में बदलना आज भी देश के युवाओं के लिए प्रासंगिक है। वे युवा पीढ़ी को किसी भी देश के विकास की रीढ़ मानते थे